मिजोरम के प्रमुख विपक्षी दल जोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार लालदुहोमा ने दो टूक कहा है कि उनकी पार्टी दिल्ली के दखल से दूर रहना चाहती है। केंद्र के नियंत्रण से मुक्त क्षेत्रीय दल के तौर पर पहचान बरकरार रखने के लिए वह कांग्रेस और भाजपा दूरी रखेगी।
लालदुहोमा ने कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव में जीतकर सत्ता हासिल करने की स्थिति में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) या विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा नहीं बनेगी। 73 वर्षीय जेडपीएम नेता ने कहा, हम अपनी प्रतिष्ठा बनाए रखना चाहते हैं और दिल्ली के नियंत्रण में नहीं रहना चाहते। हां, केंद्र के साथ अच्छे संबंध बनाकर जरूर रहेंगे। लालदुहोमा ने यह दावा भी किया कि महज पांच साल पहले ही गठित अपेक्षाकृत युवा पार्टी जेडपीएम अपनी नई शासन प्रणाली नीति के साथ विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त है और राज्य में दशकों पुरानी द्विध्रुवीय राजनीति को खत्म करने की उम्मीद कर रही है। भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी लालदुहोमा ने कहा, हमें चाहते हैं कि लोग हमें बदलाव के लिए वोट दें।