इस प्रदर्शन के बारे में ग्रीनपीस संस्था ने ट्विटर (अब एक्स) पर वीडियो साझा करके जानकारी दी है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ग्रीनपीस कार्यकर्ता सुनक के घर के एक हिस्से को कवर करने के लिए काले कपड़े को फैलाने के लिए उत्तरी यॉर्कशायर के रिचमंड में घर की छत पर चढ़े थे।
ब्रिटेन के यॉर्कशायर शहर में ग्रीनपीस संस्था से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के घर को काले कपड़े से ढक दिया। इन प्रदर्शनकारियों ने यह कदम सुनक सरकार की पर्यावरण विरोधी नीतियों के विरोध में उठाया है। प्रदर्शनकारी उत्तरी सागर में तेल-गैस उत्पादन जारी रखने के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। नॉर्थ यॉर्कशायर पुलिस ने इस मामले में चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
इस प्रदर्शन के बारे में ग्रीनपीस संस्था ने ट्विटर (अब एक्स) पर वीडियो साझा करके जानकारी दी है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ग्रीनपीस कार्यकर्ता सुनक के घर के एक हिस्से को कवर करने के लिए काले कपड़े को फैलाने के लिए उत्तरी यॉर्कशायर के रिचमंड में घर की छत पर चढ़े थे।
इस बारे में स्थानीय नॉर्थ यॉर्कशायर पुलिस ने भी एक एक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि उसके अधिकारियों ने किर्बी सिगस्टन में प्रधानमंत्री के घर पर विरोध प्रदर्शन को लेकर जरूरी कदम उठाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि जब यह घटना हुई तब प्रधानमंत्री और उनका परिवार घर पर नहीं थे। बता दें कि पीएम सुनक, पत्नी अक्षता मूर्ति और बेटियों कृष्णा और अनुष्का के साथ वर्तमान में कैलिफोर्निया में हैं।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार प्रदर्शनकारी करीबन तीन घंटे के तक छत पर चढ़े रहे। बाद में नीचे उतरने पर उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस वैन से ले जाया गया। इससे पहले, ग्रीनपीस के दो अन्य कार्यकर्ताओं ने पीएम के घर के सामने भी एक बैनर लगाया था। इसके जरिए वे पूछ रहे थे कि पीएम सुनक किसकी तरफ हैं। बड़ी तेल कंपनियों की तरफ या एक जीवन जीने लायक पृथ्वी की तरफ।
बता दें कि इस सप्ताह की शुरुआत में, सुनक ने ब्रिटेन को अधिक ऊर्जा समृद्ध बनाने के के लिए सैकड़ों नए तेल और गैस लाइसेंस देने की सरकारी योजना के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि हम सभी ने देखा है कि कैसे रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ऊर्जा की आपूर्ति बाधित की है और दुनिया भर के देशों में विकास को रोक दिया है। ऐसे में अब यह पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है कि हम अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करें। सुनक ने इसके लिए नॉर्थ सी में तेल और गैस निकालने के लिए कंपनियों को ड्रिलिंग की मंजूरी दी है।
जलवायु के लिए काम करने वाली कई संस्थाओं ने पीएम सुनक के इस कदम की आलोचना की है और विरोध जताया है। गुरुवार को हुई कार्रवाई उसी विरोध का परिणाम थी।