केस के चुनिंदा बंटवारे और कतिपय न्यायिक फैसलों के विरोध में चीफ जस्टिस के खिलाफ बगावत करने वाले सुप्रीम कोर्ट के चार जजों में शामिल जस्टिस कुरियन जोसेफ ने शनिवार को भरोसा जताया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि चारों जजों ने सिर्फ न्याय और न्यायपालिका के हितों की रक्षा के लिए प्रेस कांफ्रेंस के जरिए देश को सब कुछ बताने का कदम उठाया है।
उन्होंने अनुशासन भंग करने के आरोपों को खारिज करते हुए उम्मीद जताई कि चीफ जस्टिस के साथ मतभेदों को सार्वजनिक करने के उनके फैसले के बाद सुप्रीम कोर्ट के प्रशासन में ज्यादा पारदर्शिता आएगी। शुक्रवार की विस्फोटक प्रेस कांफ्रेंस के बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे जस्टिस जोसेफ मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि चारों जजों ने न्याय और न्यायपालिका के लिए मुंह खोला है। शुक्रवार को मीडिया के सामने भी हमने यही कहा था। अब इस संबंध में इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना है। हमने जो मुद्दे उठाए हैं उन पर ध्यान दिया जाएगा और उन्हें हल भी कर लिया जाएगा। जजों ने सिर्फ न्यायपालिका में जनता का भरोसा बढ़ाने के लिए यह काम किया है।