नागरिकता संशोधन विधेयक पर असम में विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। असम के अलावा मेघालय भी शुक्रवार को दिनभर प्रभावित रहा। हिंसा में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। कई ट्रेन फूंकने की कोशिश की गई, तो कई प्रदर्शनकारी अनशन पर बैठ गए। कई ट्रेन भी रद्द हुईं और स्कूल कॉलेज भी बंद करने पड़े हैं। यहां तक कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय दौरे भी रद्द करने पड़े। दिनभर आज क्या-क्या हुआ, आइए 10 प्वाइंट में जानते हैं...
- जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे का भारत दौरा टला। गुवाहाटी में होना था शिखर सम्मेलन।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेघालय और अरुणाचल प्रदेश का दौरा रद्द किया। उन्हें रविवार को यहां जाना था।
- अखिल असम छात्र संघ (आसू) ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है।
- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में प्रदर्शनकारियों ने बेलडांगा रेलवे स्टेशन को आग लगा दी।
- पश्चिम बंगाल, केरल और पंजाब के बाद महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश में नागरिकता बिल लागू नहीं करने के संकेत मिले हैं।
- गुवाहाटी के चांदमारी क्षेत्र में आसू ने अनशन का आहृवान किया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
- गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की जगह एमपी गुप्ता नियुक्त। आठ पुलिस अधीक्षकों एसपी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला।
- असम में प्रशासन ने 22 दिसंबर तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। इंटरनेट सेवा भी अभी बंद है।
- डिब्रूगढ़ में हालात सामान्य होते देख सुबह आठ बजे से एक बजे तक कर्फ्यू में छूट दी गई।
- त्रिपुरा में शुक्रवार को हालात सुधरते दिखे, लेकिन बंगाली ओइकया मंच ने 48 घंटे के बंद का आहृवान किया। राज्य में तीसरे दिन भी इंटरनेट व फोन सेवा बंद रही।