मऊ में बिगड़े हालात
अलीगढ़ में कल रात तक के लिए इंटरनेट बंद किया गया। वहीं, मऊ में भी नागरिकता कानून के विरोध की खबर है। बताया जा रहा है कि यहां पुलिस पर पथराव हुआ है। इसे लेकर यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि मऊ में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन हालात पर बारीक नजर रखे हुए है। इलाके में धारा 144 लगा दी गई है।
अमित शाह की छात्रों से अपील
अमित शाह ने झारखंड के पोरेहाट में कहा- मैं छात्रों से निवेदन करता हूं कि वे नागरिकता संशोधन कानून को समझें। इसमें किसी की नागरिकता छीन लेने का प्रावधान नहीं है। कांग्रेस, आप और टीएमसी आपको गुमराह कर रहे हैं और देश में हिंसा का माहौल पैदा कर रहे हैं।
सीपीएम देगा सुप्रीम कोर्ट में चुनौती
सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा- हमारी पार्टी नागरिकता कानून को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने जा रही है। ये आज भी हो सकता है, सबकुछ तैयार है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद: नागरिकता कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने के लिए बनाया गया है। इस कानून से देश के नागरिकों को कोई खतरा नहीं है। कुछ लोग इसके जरिए सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
जामिया हिंसा के विरोध में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा इंडिया गेट पर धरने पर बैठीं।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा: 370 पर भी विपक्ष ने ऐसा ही किया था। इस कानून के जरिए किसी का अधिकार नहीं छीना जा रहा है। छात्रों (जामिया मिल्लिया) को भड़काया जा रहा है। छात्रों का फायदे के लिए इस्तेमाल हो रहा है। जामिया में रविवार को हिंसा शुरू हो गई थी। विपक्ष हिंदू-मुस्लिम करके बांट रहा है। लोगों को प्रधानमंत्री की अपील पर ध्यान देना चाहिए। सीजेआई ने भी कहा है कि हिंसा बंद होनी चाहिए।
न्यूज एजेंसी एएनआई के पत्रकार और कैमरापर्सन की ओखला के होली फैमिली अस्पताल के बाहर हमला हुआ है। एएनआई ने ट्वीट के जरिए घटना की जानकारी दी है।
नागरिकता कानून को लेकर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, 'मेरी मांग है कि संसद का आपातकालीन सत्र बुलाया जाए। नागरकिता कानून में संशोधन किया जाए ताकि धर्म के आधार पर कोई भेदभाव न हो सके या फिर इस अधिनियम को निरस्त किया जाए।'
नागरिकता कानून को लेकर देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर हिंसक प्रदर्शन करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। चर्चा और विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना सही नहीं है।
नागरिकता कानून पर विपक्ष ने प्रेस कांफ्रेस की। जिसमें राज्यसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हिंसा के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान पर टिप्पणी की जिसमें उन्होंने हिंसा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया था पर कहा कि यदि कांग्रेस के पास इतनी ताकत होती तो आप सत्ता में नहीं होतो। बिना अनुमति के पुलिस कॉलेज में कैसे घुस गई।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था से मैं बहुत चिंतित हूं। राज्य में तुरंत शांति सुनिश्चित करने के लिए, मैंने गृह मंत्री अमित शाह से बैठक के लिए समय मांगा है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कानून के विरोध में कलकत्ता में पैदल मार्च कर रही हैं।
जामिया की वाइस चांसलर नजमा अख्तर ने कहा है कि हम देशभर में हो रहे प्रदर्शन की बात नहीं करते। हमारे बच्चे सुरक्षित रहें हमारा कैंपस सुरक्षित रहे ये हम चाहते हैं। हिंसा में स्थानीय लोग शामिल हैं छात्र नहीं। वीसी का आरोप है कि बिना पूछे पुलिस कैंपस में घुस गई और हमारे बच्चों के साथ बर्बरता की और उन्हें डराया गया।
असम के पूर्व मुख्यमंत्री और असम गण परिषद् (एजीपी) के नेता प्रफुल्ल कुमार महंत ने कहा, 'हम इसका समर्थन नहीं करेंगे। हर कोई इसका विरोध कर रहा है। यह असम समझौते का उल्लंघन करेगा और असम के स्वदेशी लोगों को यहां अल्पसंख्यक बना देगा। एजीपी इसका विरोध करती है। हम उच्चतम न्यायालय जाएंगे।'
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग ने जामिया विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों और छात्रों से जानकारी मांगी है।
पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान ने कहा, 'पिछले तीन दिनों से असम और त्रिपुरा में सेना की टुकड़ियों की तैनाती की गई है। कुछ टुकड़ियों को मेघालय में भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। नीचे परिस्थिति में सुधार आ रहा है। उम्मीद है कि एक या दो दिन में हम अफनी बैरकों में वापस चले जाएंगे।'
लखनऊ के नदवा कॉलेज में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। पत्थर फेंके जा रहे हैं। पुलिस ने बाहर से गेट बंद कर दिया है। जामिया के छात्रों के समर्थन में नारे लगाए जा रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट कांग्रेस और प्रद्युत देबबर्मन द्वारा नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दायर की गई अर्जियों पर 18 दिसंबर को सुनवाई के लिए तैयार हो गया है।
जामिया नगर इलाके में रविवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में संपत्ति के नुकसान और दंगों को लेकर दिल्ली पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में एक छात्र ने यूनिवर्सिटी के गेट पर अपनी शर्ट उतार दी है। वह रविवार की घटना को लेकर दिल्ली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने कहा, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार डिवीजन में 12042 डाउन न्यू जलपाईगुड़ी- हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस और 12041 यूपी हावड़ा- न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस विभिन्न स्थानों पर आंदोलन के कारण आज रद्द रहेगी।
हैदराबाद की मौलामा आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के छात्रों ने यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक को पत्र लिखा है। जिसमें उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी के छात्र जामिया और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों पर की गई पुलिस कार्रवाई के कारण परीक्षा का बहिष्कार कर रहे हैं इसलिए आपसे अनुरोध है कि परीक्षाओं को स्थगित कर दें
जामिया छात्र और पुलिस के बीच कल हुई झड़प के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सरिता विहार से कालिंदी कुंज तक ट्रैफिक बंद कर दिया है।
पटना में करगिल चौक पर प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने एक पुलिस चौकी सहित चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही, उनके द्वारा किए गए पथराव में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि, स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ एक प्रदर्शन मार्च निकाला गया। एक कार्यकर्ता गौतम बंदोपाध्याय ने बताया कि यह प्रदर्शन शाम को मरीन ड्राइव इलाके से अंबेडकर चौक तक ‘कैब विरोधी प्रदर्शन मंच’ के बैनर तले निकाला गया।