पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सीआईएसएफ के अधिकारियों से मुलाकात की
- फोटो : अमर उजाला
ऐतिहासिक धरोहर, ताजमहल, लालकिला, संसद भवन, दिल्ली मेट्रो समेत देश भर के हवाई अड्डे, बंदरगाह, परमाणु ऊर्जा संयंत्रों, महत्वपूर्ण औधोगिक संस्थानों, वीआईपी सुरक्षा, सरकारी भवनों एवं दूसरे अति संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवानों को भी दूसरे बलों की तरह 'मदिरा' उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इतना ही नहीं, सीआईएसएफ जवानों को मिल रहे 30 दिनों के सालाना अवकाश को 60 दिन करने की मांग की गई है। ये मांग पत्र सोमवार को 'अलायंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन' द्वारा सीआईएसएफ के एडीशनल डीजी एवं दूसरे अफसरों के समक्ष रखा गया है।
एसोसिएशन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व एडीजी एचआर सिंह के नेतृत्व में सीआईएसएफ अधिकारियों से मुलाकात की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली यह बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के अनुसार, अब मांग पत्र पर सीआईएसएफ डीजी लचीला एवं सकारात्मक रूख अपनाते हुए उचित निर्णय लेंगे। बैठक में सीआईएसएफ की तरफ से एडीशनल डीजी पीएस रानपिसे, आईजी प्रशासन डॉ. केसी सामन्तरे व डीआईजी (एडम) मैडम नांबियार मौजूद रहीं।
एसोसिएशन के महासचिव रणबीर सिंह के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है, जब डीजी सीआईएसएफ की तरफ से द्वारा पूर्व अर्धसैनिकों के डेलिगेशन को महानिदेशालय में बातचीत के लिए बुलाया गया है। बैठक में दो महत्वपूर्ण मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे। सीएलएमएस प्रणाली के तहत सभी केंद्रीय सुरक्षा बलों को मदिरा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन सीआईएसएफ जवानों को मदिरा सुविधा से वंचित रखा गया है। अपने मांग पत्र के माध्यम के द्वारा डीजी से निवेदन किया गया है कि वे कम से कम रिटायर्ड कर्मियों को मदिरा सुविधा उपलब्ध करा दें। सेवानिवृत्त कर्मी तो संवेदनशील जगहों पर तैनात नहीं हैं। सेवारत जवानों को छुट्टी जाते समय मदिरा सुविधा का लाभ दिया जाए।
दूसरा महत्वपूर्ण मुद्दा जवानों की सालाना अवकाश को लेकर था। सभी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों एवं भारतीय सेनाओं के तीनों अंगों में 60 दिनों का सालाना अवकाश मिलता है, लेकिन अकेले सीआईएसएफ में मात्र 30 दिनों का सालाना अवकाश मिलता है। एसोसिएशन ने इसके लिए एक सर्वे कराए जाने का आग्रह किया है। इस सर्वे में यह पूछा जाए कि जवान, 30 दिनों की छुट्टी चाहते हैं या 60 दिनों की।