सीआईएसएफ के कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह
- फोटो : अमर उजाला / एजेंसी
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश के सभी एक्जिम पोर्ट यानी 'निर्यात-आयात पोर्ट' की सुरक्षा का दायित्व सीआईएसएफ को सौंप दिया है। शुक्रवार को शाह ने ओडिशा के मुंडली में सीआईएसएफ के 57वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए यह घोषणा की है। उन्होंने कहा, सीआईएसएफ, देश के 70 हवाई अड्डों सहित 361 महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा कर रहा है। ड्रोन सुरक्षा में भी सीआईएसएफ को नोडल एजेंसी की भूमिका प्रदान की गई है।
अमित शाह ने 890 करोड़ रुपये की 5 अलग-अलग परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राजरहाट का आवासीय परिसर और मैदानगढ़ी का आवासीय परिसर पूर्ण हो गया है। यह हमारे जवानों और उनके परिजनों को सुविधा देगा। पिछले एक साल में कर्तव्य भवन, सेवा तीर्थ, नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, नवी मुंबई हवाई अड्डा, लेंगपुई हवाई अड्डा, जवाहरपुर तापविद्युत परियोजना, भाखड़ा बांध परियोजना, जैसी कई परियोजनाओं की सुरक्षा काम सीआईएसएफ को सौंपा गया है।
शाह ने कहा कि अब पोर्ट सुरक्षा संभालने के बाद देश की बहुत बड़ी समुद्री सीमा में आने वाले बंदरगाहों की सुरक्षा भी सीआईएसएफ करेगा। उन्होंने कहा कि हमने 4 साल पहले सीआईएसएफ को हाइब्रिड मोड में एक मॉडल विकसित कर निजी औद्योगिक समूहों को भी सुरक्षा प्रदान करने का आग्रह किया था जो सर्वाधिक आधुनिक उपकरणों के साथ तैयार किया गया है। आने वाले दिनों में सीआईएसएफ निजी औद्योगिक समूहों को भी हाइब्रिड मोड में सुरक्षा देगी।