मंगलूरू हवाई अड्डे पर टिकट काउंटरों के निकट एक लावारिस बैग में सोमवार को एक जिंदा बम मिला। जिसके बाद से वहां हड़कंप मच गया। सीआईएसएफ के डीआईजी अनिल पांडे ने कहा, 'हमें मंगलूरू हवाई अड्डे पर टिकट काउंटर पर पड़े बैग से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) होने के सबूत मिले हैं। हमने उसे हवाई अड्डे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।'
पुलिस के अनुसार आईईडी लावारिस लैपटॉप बैग से मिला और यहां एक खुले स्थान पर विस्फोट करने के लिए उसे बम निरोधक दस्ते के वाहन में ले जाया गया। कर्नाटक के गृह मंत्री बसवाराज बोम्मई ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार एक जिंदा बम आज मंगलूरू हवाई अड्डे पर मिला। उसे निष्क्रिय करने के लिए कदम उठाये गए हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।
इससे पूर्व संदिग्ध बैग देखे जाने के बाद हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने क्षेत्र को घेर लिया थी और पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद मंगलूरू पुलिस आयुक्त पीएस हर्ष भी पुलिस टीम के साथ हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। बम निरोधक दस्ते ने खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टर्स की मदद से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।