अगस्ता हेलीकॉप्टर घोटाले में मुख्य खिलाड़ी माने जा रहे क्रिश्चियन मिशेल ने अंग्रेजी अखबार द हिंदू को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि इस घोटाले में उसका कोई हाथ नहीं है। उसने इस बात का दावा भी किया है कि उसने किसी भी डॉक्यूमेंट पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। मिशेल के मुताबिक उसने खरीद में किसी भी तथाकथित 'बजट' पर हस्ताक्षर नही किये थे। उसने यह भी कहा कि गुइडो हैश्के ने त्यागी 'परिवार' और रक्षा मंत्रालय के लोगों से बातचीत की थी।
गौरतलब है कि इससे पहले मिशेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर बताया था कि इस घोटाले में उसका कोई रोल नहीं है। बता दें कि मिशेल भारत में वीवीआईपी हेलिकॉप्टरों के सौदों के बदले में कथित तौर पर रिश्वत 'तय' करने के आरोप में वान्टेड है।
वहीं इस मामले में सीबीआई ने पूर्व वायु सेना प्रमुख एसपी त्यागी और पूर्व उप वायु सेना प्रमुख जेएस गुजराल को तलब किया है। सीबीआई सूत्रों की मानें तो जहां गुजराल से शनिवार को पूछताछ होगी वहीं पूर्व वायु सेना प्रमुख से पूछताछ सोमवार को की जाएगी।