पत्रकार ज्योतिर्मय डे (जे.डे.) हत्याकांड में सीबीआई ने शुक्रवार को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन के खिलाफ मकोका अदालत में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। इस दौरान जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए छोटा राजन भी अदालत की कार्यवाही में मौजूद था।
पूरक आरोप पत्र में कहा गया है कि जेडे अंडरवर्ल्ड पर एक किताब लिख रहा था जिसमें राजेंद्र सदाशिव निखालजे उर्फ छोटा राजन को चिंदी और माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम को मुंबई के डॉन के रूप में पेश करने वाला था। इससे चिढ़कर छोटा राजन ने जेडे की हत्या कराई थी।
सीबीआई ने छोटा राजन के खिलाफ 41 गवाहों के बयान के साथ मकोका, हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है जिसमें कहा गया है कि जेडे हत्याकांड में छोटा राजन का सिंडिकेट सीधे तौर पर शामिल है।
छोटा राजन ने न केवल जेडे की हत्या के आदेश दिए बल्कि शूटरों को आर्थिक मदद भी दी। सीबीआई ने अदालत में छोटा राजन की बातचीत के नमूने की रिपोर्ट भी पेश की है। 11 जुलाई 2011 को मुंबई के पवई इलाके में जेडे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।