इलेक्ट्रिक कार की बैैटरी बनाने वाली कंपनी एम्पेरेक्स टेक्नोलॉजी का दावा है कि उसने एक ऐसी बैटरी बनाई है जिसकी उम्र 16 साल और 20 लाख किलोमीटर है। एम्पेरेक्स टेस्ला और फॉक्सवैगन जैसी कंपनियों के लिए बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक कार बैटरी बनाती है।
कंपनी के चेयरमैन झेंग युक्वुन ने एक इंटरव्यू में इस बात का दावा किया है। यह कंपनी बैटरी बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी और अभी 2.4 लाख किलोमीटर लाइफ वाली बैटरी बनाती है। कंपनी के ग्राहकों में टेस्ला के अलावा बीएमडब्यू और टोयोटा मोटर भी शामिल हैं।
झेंग ने कहा कि अगर कोई कंपनी इस बैटरी के लिए ऑर्डर देती है तो हम इसके प्रोडक्शन के लिए तैयार हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया है कि क्या किसी कंपनी ने इसके लिए अब तक संपर्क किया है या नहीं। झेंग ने जानकारी दी कि मौजूदा बैटरी से इस बैटरी की कीमत दस फीसदी ज्यादा होगी।
टेस्ला ने पिछले साल कहा था कि वह दस लाख मील यानि 16 लाख किमी तक चलने वाली बैटरी बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। जनरल मोटर्स नेे कहा था कि वह इस लक्ष्य के करीब है। ई-वाहन इंडस्ट्री में तेजी लौटने की उम्मीद कर रही एम्पेरेक्स टेक्नोलॉजी ने हाल-फिलहाल बैटरी की टेक्नोलॉजी पर खर्च काफी बढ़ा दिया है।
चेयरमैन झेंग ने कहा कि इस साल तो बिक्री कम होगी लेकिन 2021 से डिमांड में बढ़ोतरी जरूर होगी। सीएटीएल ने फरवरी में टेस्ला के साथ दो साल का करार किया था। टेस्ला पहले जापान की पैनासोनिक और दक्षिण कोरिया की एलजी केम के साथ काम कर रही थी। कंपनी की बैटरी टेस्ला के मॉडल तीन सेडान कारों में इस्तेमाल होंगे। यह कार शंघाई के पास बनी टेस्ला की नई फैक्टरी में तैयार होगी।