चीन की हाई स्पीड ट्रेन बनाने वाली कंपनी चाइना रेलवे रोलिंग स्टॉक कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीआरआरसी) ने शनिवार को भारत में संयुक्त उद्यम के तहत अपने पहले प्लांट शुरू करने का एलान किया है। करीब चार अरब 25 करोड़ 66 लाख रुपये (6.34 करोड़ डॉलर) के इस प्लांट में रेलवे लोकोमोटिव्स इंजनों को बनाने और मरम्मत करने का काम किया जाएगा। इसमें चीन की तरफ से 51 फीसदी की साझेदारी होगी।
चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक सीआरआरसी और पायनियर (भारत) इलेक्ट्रिक कॉपरेटिव लिमिटेड ने नई दिल्ली और बांबे के बीच हरियाणा के बावो इंडस्ट्रियल डिस्ट्रिक्ट में अपना संयुक्त प्लांट स्थापित किया है। यह भारत की रेल प्रणाली को तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराएगा।
यह पहली बार है, जब चीन की हाई स्पीड ट्रेन बनाने वाली सीआरआरसी ने दक्षिण एशिया में अपना प्लांट खोलेगी। सीआरआर के वाइस प्रेसिडेंट यू वेइपिंग ने बताया कि नया प्लांट स्थापित होने से स्थानीय लोगों को नौकरियों के अवसर मिलेंगे और सरकार के राजस्व में इजाफा होगा। साथ ही बुनियादी ढांचा सुधारने में मदद मिलेगी।