उद्धव ठाकरे गुट के नेता और सांसद संजय राउत एक बार फिर मणिपुर हिंसा को लेकर भाजपा पर हमलावर हुए। उन्होंने पूछा कि अगर हिंसा प्री-प्लान है तो केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय, मणिपुर के राज्यपाल और मुख्यमंत्री सब आपके हैं तो ये योजना बनाई किसने। इतना ही नहीं, राउत ने हिंसा के पीछे चीन का हाथ भी बताया। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मणिपुर में जो राइफलें पकड़ी गई हैं, वे चीन में बनी हैं। इस पूरे प्रकरण में कोई हीरो बना है तो वो राहुल गांधी हैं।
राउत ने कहा कि मणिपुर में हो रही हिंसा के पीछे चीन का हाथ है। उद्धव ठाकरे गुट के नेता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने चीन के खिलाफ क्या कार्रवाई की है? उन्होंने कहा कि 40 दिन से हिंसा चल रही है, लोगों का पलायन चल रहा है। लोग घर छोड़कर शिविरों में रह रहे है। इस सबको देखते हुए मणिपुर के सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए।
कांग्रेस नेता की वाहवाही
सांसद संजय राउत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल मणिपुर गए यही खुद में बड़ी बात है। पीएम मोदी अभी तक क्यों नहीं गए। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह गए भी तो सिर्फ एक बैठक करके चले गए। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात भी नहीं की। किसी ने उनका दुख दर्द जाना भी नहीं। नेता ने आगे कहा कि अब राहुल गांधी गए हैं, तो आप लोगों को जलन क्यों हो रही है? उन्होंने कहा हो सकता है राहुल एजेंडा के साथ आए हो, लेकिन भाजपा का एजेंडा क्या है?