चीन के हैकरों ने पिछले पांच दिनों के दौरान भारत के सूचना प्रौद्योगिकी ढांचे और बैंकिंग सेक्टर पर 40 हजार से ज्यादा साइबर हमले के प्रयास किए हैं। महाराष्ट्र पुलिस में साइबर विंग के विशेष पुलिस महानिरीक्षक यशस्वी यादव ने बताया कि सीमा पार से ऑनलाइन हमले में वृद्धि पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के बीच चल रही तनातनी के बाद देखी गई है।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र साइबर विभाग ने इस तरह के हमलों की सूचना जुटाई है और इनमें से ज्यादातर हमले चीन के चेंगदू से किए गए हैं। हमारी जानकारी के मुताबिक, भारतीय साइबरस्पेस के स्रोतों पर कम से कम 40,300 साइबर हमले पिछले चार से पांच दिन में किए गए।
इन हमलों की वजह से सेवाएं बाधित होने, इंटरनेट प्रोटोकॉल और फिशिंग जैसी समस्याएं आई हैं। उन्होंने इंटरनेट यूजर्स को आगाह किया है कि इस तरह के हमलों के खतरे बचने के लिए मजबूत फायरबॉल अपनाएं और साइबर सुरक्षा ऑडिट कराएं।