नौ दिन में 25% को लगा टीका
कोरोना टीकाकरण को लेकर देश के बच्चों में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। आंकड़े बताते हैं कि 12 से 14 साल के बच्चों ने टीका लेने में किशोर से लेकर वयस्क, फ्रंटलाइन वर्कर और स्वास्थ्य कर्मियों तक को पीछे छोड़ दिया है। नौ दिन के भीतर बच्चों का कुल टीकाकरण 1.02 करोड़ के पार हो गया है। शुक्रवार शाम पांच बजे तक देश में 14 लाख से भी ज्यादा बच्चों ने टीके की पहली खुराक लेकर यह रिकॉर्ड बनाया है जो कुल लक्ष्य का 25 फीसदी है। वहीं बीते चार दिन से देश में हो रहे टीकाकरण में हर दूसरी खुराक भी इन्हीं को मिल रही है। कोविन वेबसाइट पर ही अब तक इस आयु के एक करोड़ से ज्यादा बच्चों ने पंजीयन कराया है, जो कुल अनुमानित संख्या की तुलना में करीब 25 फीसदी है।
होली के दिन भी ढाई लाख बच्चों ने लगवाया था टीका
आंकड़े बताते हैं कि 16 मार्च को 3.65 लाख बच्चों ने पहली खुराक ली थी। इसके बाद 17 को 5.81 और 18 मार्च को 2.53 लाख ने खुराक ली। वहीं, होली बाद 19 मार्च को 5.50 लाख बच्चों का टीकाकरण हुआ। 21 मार्च को देश भर में 17.44 लाख बच्चों ने टीकाकरण कराया जो 19 मार्च की तुलना में करीब तीन गुना से भी अधिक है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देश में अब तक 1.02 करोड़ से भी ज्यादा बच्चे टीका ले चुके हैं जो कि कुल अनुमानित आबादी का करीब 25 फीसदी है। देश में 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों की अनुमानित आबादी करीब 4.71 करोड़ है।
अगले महीने तक सभी बच्चों को मिल जाएगा सुरक्षा कवच
देश के अधिकांश राज्यों में जल्द ही नए शैक्षणिक सत्र के तहत स्कूल भी खुलने जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आगामी एक अप्रैल से स्कूल खुल रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी उम्मीद लगा रहे हैं कि अगले महीने के आखिर तक 12 से 14 वर्ष के बच्चों में एक खुराक का टीकाकरण कम से कम 90% से अधिक या फिर 100% का लक्ष्य हासिल कर लेगा।
देश में एक दिन में कोरोना के 1685 नये मामले, 83 की मौत
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,685 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 83 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामले घटकर 21,530 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक कुल 4,24,78,087 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि कुल 4,30,16,372 मामले सामने आ चुके हैं। 5,16,755 मरीजों की मौत हो चुकी है। साथ ही दैनिक सक्रियता दर अब 0.24 फीसदी हो गई है।