यूपी में बीजेपी की सरकार आ गई है और रविवार को नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। इसे देखते हुए प्रदेश के सभी अधिकारियों, बाबुओं और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सोमवार से समय पर दफ्तर आएं। इसके साथ ही सरकार की प्राथमिकता पर काम करते हुए काम खत्म करने की टाइम लाइन का ध्यान रखें।
बताते चलें कि रविवार को यूपी के नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। इसके साथ ही सोमवार से नई सरकार काम करने लगेगी। इसे देखते हुए शुक्रवार को सभी सचिव, प्रमुख सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ-साथ प्रदेश के विभागों के प्रमुख को निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश के मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने निर्देश दिया, नई सरकार की नीतियां और मैनिफेस्टो में किए गए वादों को सही समय पर निष्पादित करें। मैं आशा करता हूं कि आप (सीनियर अधिकारी) अपने सभी अधीनस्थ को 20 मार्च से ऐसा ही निर्देश देंगे। सभी सरकारी आधिकारी सही समय पर दफ्तर पहुंचेंगे और अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने की कोशिश करेंगे। इस निर्देश में लापरवाही को अत्यंत गंभीरता से देखा जाएगा।