महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक के बीच शिवसेना के बागी विधायक गुजरात के सूरत से असम पहुंच गए है। बागी मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में ये सभी विधायक राजधानी गुवाहाटी के एक लग्जरी होटल में ठहरे हैं। बागी विधायकों के असम पहुंचने के बाद सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट करके उनका स्वागत किया है। सीएम ने बुधवार को ट्वीट किया कि वह असम की यात्रा के लिए सभी का स्वागत करते हैं।
गुवाहाटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम हिमंत ने कहा कि गुवाहाटी में कई लग्जरी होटल हैं और अगर कमरे भरे हुए हैं, तो हमें खुश होना चाहिए क्योंकि इससे राजस्व आएगा। उन्होंने कहा कि हमें जीएसटी के माध्यम से राजस्व मिलेगा। राज्य में विनाशकारी बाढ़ के इन कठिन समय के दौरान हमें इसकी आवश्यकता होगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शिवसेना विधायकों की यात्रा के संबंध में किसी भी विवाद का कारण क्यों होना चाहिए? हम सभी पर्यटकों का राज्य में आने का स्वागत करते हैं क्योंकि हमें बाढ़ से निपटने के लिए धन की आवश्यकता है। हमें देवी लक्ष्मी को क्यों दूर करना चाहिए जबकि बाढ़ के कारण इस दौरान हमारे होटल खाली हैं।
महाराष्ट्र के असंतुष्ट विधायकों से मिलने से किया मना
यह पूछे जाने पर कि क्या वह महाराष्ट्र के असंतुष्ट विधायकों से मिलेंगे, सरमा ने कहा कि उन्हें ऐसा करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अगर राज्य एक अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक केंद्र बन जाता है तो मुझे खुशी होगी। मैं सभी से राज्य का दौरा करने का आग्रह करता हूं।
बाढ़ झेल रहा है असम
असम में ब्रह्मपुत्र और बराक नदियों के जलस्तर बढ़ने से नये इलाके भी जलमग्न हो रहे हैं। अब तक राज्य के 32 जिलों के 55 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक मई के मध्य से अब तक बाढ़ की वजह से 89 लोगों की जान चली गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने नगांव तक ट्रेन से यात्रा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने कुछ राहत शिविरों का भी दौर किया। नगांव में सबसे ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार यहां 4,57,381 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, 15,188 लोगों ने 147 राहत शिविरों में शरण ले रखी है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट में कहा, चापरमुख और कामपुर क्षेत्रों का दौरा किया और नजदीक से हालात का जायजा लिया। बराक घाटी के तीन जिलों- कछार, करीमगंज और हैलाकांदी हालात ज्यादा खराब हैं।
बुधवार सुबह गुवाहाटी पहुंचे थे विधायक
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान के बीच शिवसेना के बागी विधायक बुधवार सुबह सूरत से चार्टर विमान से असम पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित एक लग्जरी होटल में ले जाया गया।
असम पहुंचने के बाद एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि उनके पास 46 विधायकों का समर्थन है। यह पूछे जाने पर कि वे गुवाहाटी क्यों आए थे, शिंदे ने कहा, यह एक अच्छी जगह है। गौरतलब है कि यह शायद पहली बार है कि पश्चिम भारतीय राज्य के विधायकों को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह के बाद पूर्वोत्तर राज्य में ले जाया जा रहा है।