छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान के दिन भी नक्सलियों से मुठभेड़ का मामला सामने आया। आज नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के अधिकारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 204 कोबरा बटालियन के उप निरीक्षक और एक जवान घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के नक्सल प्रभावित 18 विधानसभा सीटों के लिए आज हो रहे मतदान के दौरान सुरक्षा बल के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। सुरक्षा बल जब पामेड़ क्षेत्र में थे तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बल ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी चलती रही और फिर नक्सली फरार हो गए। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया और घायल जवानों को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।