फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही या निर्मम हत्या: जिस रसायन की मात्रा 0.1% से कम मान्य, कोल्ड्रिफ सिरप में थी 48 फीसदी, DEG का खुलासा

Wed, 08 Oct 2025 05:06 AM IST
शिव शुक्ला अमर उजाला नेटवर्क

सार

इससे पहले गाम्बिया, उज्बेकिस्तान और जम्मू-कश्मीर में भी इसी तरह की सिरप में मिलावट से कई बच्चों की मौत हो चुकी है। एथिलीन ग्लाइकोल  (ईजी) और डायथिलीन ग्लाइकोल (डीईजी) दोनों ही ग्लाइकोल परिवार के औद्योगिक रसायन हैं। ईजी कूलेंट, एंटीफ्रीज और औद्योगिक सॉल्वेंट में प्रयोग होता है।
विज्ञापन
नकली कफ सिरप (सांकेतिक) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत का औषधि उद्योग, जिसे दुनिया फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड कहती है, एक बार फिर गंभीर विवाद के घेरे में है। श्रीसन फार्मा के कोल्ड्रिफ कफ सिरप में लैब परीक्षण के दौरान डायथिलीन ग्लाइकोल (डीईजी) की मात्रा 0.1% की अनुमेय सीमा के मुकाबले 48.6 प्रतिशत पाई गई यानी लगभग 480 गुना अधिक। यह वही घातक रसायन है जिसका उपयोग ऑटोमोबाइल कूलेंट्स और ब्रेक फ्लुइड में होता है और जिसकी कुछ मिलीलीटर मात्रा भी इंसान के लिए घातक होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि निर्मम रासायनिक हत्या है।

विज्ञापन


इससे पहले गाम्बिया, उज्बेकिस्तान और जम्मू-कश्मीर में भी इसी तरह की सिरप में मिलावट से कई बच्चों की मौत हो चुकी है। एथिलीन ग्लाइकोल  (ईजी) और डायथिलीन ग्लाइकोल (डीईजी) दोनों ही ग्लाइकोल परिवार के औद्योगिक रसायन हैं। ईजी कूलेंट, एंटीफ्रीज और औद्योगिक सॉल्वेंट में प्रयोग होता है। डीईजी पेंट, वार्निश, ब्रेक फ्लुइड और रेजिन उद्योग में प्रयोग होता है। इनका फार्मास्युटिकल उपयोग पूर्णतः निषिद्ध है। लेकिन भारत में कुछ निर्माताओं ने ग्लिसरीन या प्रोपिलीन ग्लाइकोल के सस्ते विकल्प के रूप में इनका उपयोग किया, जिससे दर्जनों बच्चों की जान चली गई। दोनों रसायन मीठे स्वाद वाले होते हैं, इसलिए सिरप में मिल जाने पर पहचानना लगभग असंभव होता है। शरीर में जाने के बाद ये ऑक्सैलिक एसिड और एचईएए (2-हाइड्रॉक्सीएथॉक्सीएसीटिक एसिड) जैसे विषैले यौगिकों में बदलते हैं, जो किडनी, लीवर और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को क्षतिग्रस्त कर देते हैं।

उत्पादन के समय मिलावट
इस बार मामला उज्जैन स्थित श्रीसन फार्मा का है, जिसकी खांसी की दवा कोल्ड्रिफ सिरप के नमूनों में डायथिलीन ग्लाइकोल (डीईजी) की 48.6% मात्रा पाई गई। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया कि डायथिलीन ग्लाइकोल की मिलावट उत्पादन प्रक्रिया के स्तर पर हुई थी, न कि पैकेजिंग या परिवहन चरण में। सरकारी सूत्रों के अनुसार जांच में ग्लिसरीन बैच की ट्रेसिंग, सॉल्वेंट सोर्सिंग और प्रोसेसिंग सर्टिफिकेशन में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। फार्मा उद्योग के विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह पुष्टि हो जाती है कि इस सिरप से कोई मौत हुई है, तो यह कल्पेबल होमिसाइड यानी मानवहत्या सदृश अपराध की श्रेणी में आएगा।
विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर, सीबीआई जांच की मांग
मध्य प्रदेश और राजस्थान में जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर करके इसकी गहन जांच और औषधि सुरक्षा तंत्र में प्रणालीगत सुधार की मांग की गई। याचिका में अनुरोध किया गया कि विभिन्न राज्यों में कफ सिरप के कारण मौतों से संबंधित सभी लंबित प्राथमिकी और जांच सीबीआई को हस्तांतरित कर दी जाएं। अधिवक्ता विशाल तिवारी की तरफ से दायर जनहित याचिका में इन घटनाओं की अदालत की निगरानी में जांच का अनुरोध किया गया है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश के नेतृत्व में राष्ट्रीय न्यायिक आयोग या विशेषज्ञ समिति के गठन का आग्रह भी किया गया।  

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें