महाराष्ट्र पुलिस ने भगोड़ा माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम, उसके भाई इकबाल कासकर और अनीस इब्राहिम के खिलाफ एक्सटॉर्शन के एक मामले में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। ठाणे पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल के सीनियर इंस्पेक्टर ने बताया कि चार्जशीट बृहस्पतिवार को जिला अदालत में दाखिल की गई।
ठाणे पुलिस ने एक स्थानीय बिल्डर की शिकायत पर अक्तूबर, 2017 में दाऊद गैंग के इकबाल कासकर पर एक्सटॉर्शन का मामला दर्ज किया था। बिल्डर का आरोप था कि गोराई इलाके की 38 एकड़ जमीन को लेकर कासकर उसे धमका रहा है और तीन करोड़ रुपये मांग रहा है।
पुलिस को जांच के दौरान मामले में दाऊद और अनीस की भूमिका के सबूत भी मिले। इसके बाद इन दोनों को भी मामले के वांछितों में डाल दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर अवैध वसूली से जुड़े कानून की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एक्सटॉर्शन के एक अन्य मामले में ठाणे पुलिस ने इकबाल कासकर और उसके दो गुर्गों को सितंबर, 2017 में गिरफ्तार किया था।