रेल मंत्रालय ने उत्तराखंड में चार धाम को रेल नेटवर्क से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट में इसके सर्वे के लिए आवंटन किया है। वहीं, मथुरा-वृंदावन रेल लाइन पर खर्च होने वाली रकम का भी इंतजाम है। रेल मंत्रालय ने अपनी पिंक बुक जारी करते हुए शुक्रवार को अपने सभी प्रोजेक्ट से परदा उठा दिया।
केंद्रीय बजट आने के बाद अब रेल मंत्रालय ने अपनी पिंक बुक जारी कर दी है। इसके सार्वजनिक होने के साथ ही जोनल स्तर पर तैयार होने वाले नए प्रोजेक्ट की बजटीय स्थिति स्पष्ट हो गई है। रेल अधिकारी बताते हैं कि पिंक बुक में सिलसिलेवार ढंग से मंत्रालय की योजनाओं को अंजाम तक पहुंचाने का खाका है। अब बजटीय आवंटन के हर पहलू का विवरण सार्वजनिक है।
रेल मंत्रालय चार धाम को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है। पूरा प्रोजेक्ट करीब 327 किमी लंबा होगा। इसके सर्वे के लिए बजट में इंतजाम किया गया है। वित्त मंत्रालय ने इसके लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश की मथुरा-वृंदावन लाइन के लिए भी बजटीय आवंटन किया गया है। 11 किमी. लंबे इस ट्रैक पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे।