वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में पहले राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक के रूप में नियुक्त किया गया। वहीं भारतीय सेना के डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल चन्नीरा बंसी पोनप्पा ने पदभार संभाला।
लेफ्टिनेंट जनरल चन्नीरा बंसी पोनप्पा ने बुधवार को भारतीय सेना के डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में पदभार संभाला। वहीं, नौसेना के पूर्व वाइस चीफ वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में पहले राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक की जिम्मेदारी संभाल ली। इसकी जानकारी भारतीय सेना ने अपने आधिकारिक ट्वीटर एकाउंट से ट्वीट करके दी। लेफ्टिनेंट जनरल चन्नीरा बंसी पोनप्पा को प्रतिष्ठित वज्र सेना की कमान संभालने का गौरव प्राप्त है।
विज्ञापन
कौन हैं वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार?
वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार एक जुलाई 1982 को भारतीय नौसेना की एक्जेक्यूटिव शाखा में शामिल हुए थे। वह अमरावती नगर के सैनिक स्कूल और पुणे में स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के छात्र रहे हैं। वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार ने 1989 में कोच्चि में नौवहन और संचालन में विशेषज्ञता हासिल की। इसके बाद वह भारतीय नौसेना के जहाजों ब्यास, नीलगिरी, रणवीर और विक्रांत में नौवहन अधिकारी के रूप में तैनात रहे। उन्होंने 30 जनवरी 2019 को भारतीय नौसेना के वाइस चीफ का पदभार संभाला था। 39 साल तक भारतीय नौसेना में विभिन्न पदों पर सेवा देने के बाद वह 31 जुलाई 2021 को रिटायर हो गए थे।
लेफ्टिनेंट जनरल चन्नीरा बंसी पोनप्पा के नाम हैं ढेरों कीर्तिमान
लेफ्टिनेंट जनरल चन्नीरा बंसी पोनप्पा कर्नाटक के विराजपेट तालुक में बिट्टंगला के पास नंगला गांव के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी का नाम नित्या मेडप्पा है। उनके एक बेटा और एक बेटी है। बेटा निशांत भारतीय नौसेना में एक अधिकारी के पद पद तैनात है और बेटी सुनैना अभी पढ़ाई कर रही है।
विज्ञापन
लेफ्टिनेंट जनरल चन्नीरा बंसी पोनप्पा ने अपने अब तक के सेवाकाल में ढेरों कीर्तिमान रचे हैं। उन्होंने ब्राजील में लेफ्टिनेंट जनरल कार्लोस अल्बर्टो डास सैंटोस क्रूज के साथ भी काम किया है। उन्हें मार्च 2013 में भारत के लेफ्टिनेंट जनरल प्रकाश के बाद MONUSCO के फोर्स का कमांडर बनाया गया था।