सुप्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य अजय भांबी ने अमर उजाला से कहा कि चंद्रयान-3 का बहुत शुभ घड़ी में प्रक्षेपण किया गया था, इसलिए इस बार इसकी सफलता में कोई संदेह नहीं है। चंद्रयान-3 चांद की दक्षिणी सतह पर बहुत सफलतापूर्वक लैंडिंग करेगा। यह अपेक्षित समय तक अपना काम पूरा करेगा और इसके कार्य निष्पादन में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।
विशाखा नक्षत्र में लैंड करेगा चंद्रयान-3
चंद्रयान-3 चांद पर विशाखा नक्षत्र में लैंड करने जा रहा है। यह बहुत शुभ परिणाम देने वाला नक्षत्र माना जाता है, लिहाजा इसके सफल प्रक्षेपण का बहुत लाभ मिलेगा। चूंकि, यह सीधे तौर पर भारत की वैज्ञानिक प्रतिभा का परिणाम है, इसलिए इसकी सफलता से पूरी दुनिया में देश की वैज्ञानिक उपलब्धि की चर्चा होगी। देश को इसका वैज्ञानिक और आर्थिक स्तर पर लाभ प्राप्त होगा।
चंद्रयान-3 का आम आदमी पर कोई असर नहीं होगा
अजय भांबी ने कहा कि चांद का सामान्य मानव के दैनिक जीवन के साथ-साथ पूरे जीवन पर असर पड़ता है, लेकिन चंद्रयान-3 का आम आदमी पर कोई असर नहीं होगा। यह प्राकृतिक खगोलीय घटना के रूप में नहीं देखा जा सकता, इसलिए यह व्यक्ति विशेष को सीधे तौर पर प्रभावित नहीं करेगा। लेकिन जिस संस्था या देश के द्वारा इसका प्रक्षेपण किया गया है, उस पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। यह असर शुभ परिणाम देने वाला होगा।
देश का आत्मविश्वास बढ़ाने वाला होगा
ज्योतिष आनंद तिवारी ने कहा कि यह कदम भारत का आत्मविश्वास बढ़ाने वाला होगा। वैज्ञानिक प्रयोगों की दुनिया में देश की साख बढ़ेगी। विशाखा नक्षत्र आर्थिक लाभ देने वाला भी माना जाता है। यह संकेत है कि भारत इस मिशन का बड़ा आर्थिक लाभ भी हासिल कर सकता है। इससे देश में वैज्ञानिक अनुसंधान का बेहतर भविष्य बनाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग होगी और यह अपना जीवनकाल सफलतापूर्वक पूरा करेगा। चंद्रयान-3 का सामान्य मानव के ऊपर कोई असर नहीं डालेगा, लेकिन इसके कारण पूरे देश में खुशी का संचार होगा। इसके सफल प्रक्षेपण का लोगों की मनोदशा पर बेहतर असर होगा और शुभ परिणामदायक होगा।