भगवान तिरुपति बालाजी के आभूषणों पर उठ रहे विवादों पर नायडू ने कहा बीजेपी साजिश के तहत झूठे षडयंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले नरेन्द्र मोदी और बीजेपी ने पुरात्तव विभाग के जरिए बालाजी मंदिर को कब्जाने की कोशिश की थी, लेकिन लोगों के विरोध के बाद उन्होंने कदम वापस खींच लिए। उन्होंने भरोसा जताया कि जो भी बालाजी का नाम खराब करने की कोशिश करेगा, भगवान उसे इसी जन्म में सजा देंगे।
धोखेबाज है बीजेपी
केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए नायडू ने कहा कि पिछले चार सालों में केन्द्र ने कुछ नहीं किया, यहां तक कि आंध्रप्रदेश का विकास रोकने में उन्होंने कई रोड़े भी अटकाए। उन्होंने केन्द्र पर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। नायडू ने कहा कि राज्य कर्जे में डूबा हुआ है और वे बीजेपी से मदद मांगने के लिए 29 बार दिल्ली गए, लेकिन बीजेपी ने उन्हें धोखा ही दिया। न तो आंध्र प्रदेश के स्पेशल कैटेगरी स्टेटस का बिल और न ही आंध्र प्रदेश के पुर्ननिर्माण का बिल राज्यसभा में पेश किया।
नहीं मिला स्पेशल कैटेगरी स्टेटस
एनडीए से समर्थन वापस लेने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार आंध्र प्रदेश को स्पेशल कैटेगरी स्टेटस देने के वायदे से मुकर गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ धोखा किया और वाईेएसआर कांग्रेस पार्टी जैसी भ्रष्टाचारी पार्टी के साथ मिल कर राज्य में अफवाहें फैला कर कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का काम कर रही है।
नायडू के मुताबिक स्पेशल स्टेटस के लिए उन्हें तेलंगाना और कांग्रेस समेत देश के सभी दलों से समर्थन मिला, लेकिन बीजेपी से कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उनसे वायदा किया गया था कि राज्य को रेलवे जोन, पोलवररम प्रोजेक्ट और मेट्रो चलाने को लेकर वायदा किया गया था, लेकिन केन्द्र ने अपने एक भी वायदे को पूरा नहीं किया। उन्होंने बीजेपी पर मित्र धर्म नहीं निभाने का आरोप लगाया।
नई राजधानी अमरावती होगी नंबर वन
उन्होंने कहा कि तेलंगाना अलग होने के बाद उन्होंने 43 दिनों तक बस से सरकार चलाई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हैदराबाद बनाया, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। लेकिन अब वे नई राजधानी अमरावती को चमका कर दिखाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमरावती जल्द ही देश के प्रमुख शहरों में शामिल होगा और पूरी दुनिया में उसकी वाहवाही होगी। उन्होंने कहा कि अमरावती के किसानों ने उनकी एक आवाज पर 33 हजार एकड़ कृषि जमीन स्वैच्छा से सरकार को दे दी।
2022 तक आंध्रप्रदेश नंबर वन राज्य
महानाडू में बोलते हुए नायडू ने वायदा किया कि उनका एजेंडा राज्य का विकास है और 2022 तक आंध्रप्रदेश देश का नंबर राज्य होगा। उन्होंने कई नई योजनाओं को जनता के सामने रखते हुए कहा कि राज्य में बिजली की कोई कमी नहीं हैं और भविष्य में बिजली की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में नए विकास कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए कहा कि रमजान तोहफा योजना में अल्पसंख्यकों को कल्याणकारी योजनाओं की सौगात दी।
साथ ही एनटीआर भरोसा के जरिए राज्य के प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को 1000 रुपए प्रतिमाह पेंशन देने का ऐलान किया। इसके अलावा उन्होंने चंद्रान्ना बीमा के नाम से एक इंश्योरेस स्कीम शुरू की है, जिसमें प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपए का इंश्योंरेस कवर दिया जाएगा। नायडू ने आंध्र प्रदेश को देश में 10.05 फीसदी विकास दर के साथ सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला राज्य बताते हुए कहा कि तेलंगाना की विकास दर 9 फीसदी रही है, जो गुजरात से बेहतर है।