देश में बढ़ रहे कोरोना वायरस महामारी के चलते सरकार द्वारा 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इसके चलते लोगों के बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है। लॉकडाउन के चलते खेतों में काम करने जा रहे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसे देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को एक पत्र लिखा है। जिसमें किसानों द्वारा निर्बाध रूप से कटाई और बुवाई सुनिश्चित करने के लिए कोरोना वायरस लॉकडाउन से कृषि कार्यों को प्रभावी छूट दी गई है।
गौरतलब हो कि केंद्र सरकार ने 14 अप्रैल तक देश में लॉकडाउन की घोषणा कर रखी है। बता दें कोरोना वायरस का कहर देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2301 हो गई है। इनमें से 2088 सक्रिय मामले हैं, 157 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक बाहर चला गया है।
वहीं, 56 लोगों की मौत हो चुकी है। आज गुजरात में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि राजस्थान में 21,आंध्र प्रदेश में 12, हरियाणा में आठ, यूपी के आगरा में छह, मुंबई के धारावी में एक और गोवा में एक नए मामले सामने आए हैं।