देश में एमबीबीएस चिकित्सकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) ने देश के अलग-अलग राज्यों में 14 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी है। इसके अलावा नौ मेडिकल कॉलेजों में करीब 600 एमबीबीएस सीटें बढ़ाने को भी मंजूरी दे दी है। यही नहीं 21 मेडिकल कॉलेजों में अलग-अलग विषयों के लिए 39 सुपर स्पेशयलिटी कोर्स को भी मंजूरी मिली है। इन कोर्सेज में शैक्षणिक सत्र 2016-17 से दाखिला होगा।
उत्तर प्रदेश के बांदा स्थित उत्तर प्रदेश सरकार के एलोपैथ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कोर्स में 100 विद्यार्थियों का दाखिला इसी सत्र से होगा। लखनऊ के टीएस मिश्रा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल अमौसी में 150 सीटें और उत्तराखंड के देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज में भी इसी सत्र से एमबीबीएस कोर्स में 100 विद्यार्थियों का दाखिला होगा। दिल्ली के रोहिणी स्थित डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर मेडिकल कॉलेज को भी मंजूरी मिल गई है और यहां भी इसी सत्र से 100 एमबीबीएस विद्यार्थियों का दाखिला होगा।
इसके अलावा कर्नाटक में तीन सरकारी कॉलेज, तेलंगाना, तमिलनाडू, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात के एक-एक मेडिकल कॉलेज और करेल के दो मेडिकल कॉलेजों को मान्यता मिली है। नए मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या 1850 होगी। यही नहीं नौ वर्तमान मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीस सीटों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिसमें पंजाब के अमृतसर स्थित सरकारी मेडिकनल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या 150 से 200 जबकि दयानंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सीटों की संख्या बढ़कार 70 से 100 कर दिया गया है।