दीपावली से पहले केंद्र सरकार अपने 50 लाख कर्मचारियों और 58 लाख पेंशनभोगियों को दो फीसदी महंगाई भत्ते का तोहफा दे सकती है। बृहस्पतिवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस पर मुहर लगाई जाएगी। यह फैसला एक जुलाई 2016 से प्रभावी हो सकता है।
सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट की बैठक के एजेंडे में कर्मचारियों को दो फीसदी महंगाई भत्ता और पेंशनभोगियों को दो फीसदी महंगाई राहत देने का मामला शामिल है। इससे पहले सरकार ने इस साल महंगाई भत्ते में छह फीसदी की वृद्धि कर इसे मूल वेतन का 125 फीसदी कर दिया था। बाद में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशो में इस महंगाई भत्ते को मिला दिया गया।
केंद्रीय कर्मचारी संघ तीन फीसदी महंगाई भत्ते की मांग कर रहे हैं। केंद्रीय सरकारी कर्मचारी परिसंघ के अध्यक्ष केकेएन कुट्टी ने कहा कि एक जुलाई 2015 से 30 जून 2016 तक औद्योगिक कामगारों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का औसत 2.92 फीसदी रहा। इसलिए संघ ने तीन फीसदी महंगाई भत्ते की मांग की है।