बीते महीने पश्चिम बंगाल में मिड-डे मील योजना में के तहत परोसे जाने वाले भोजन में सांप और छिपकली मिलने की शिकायत के बाद सोमवार को केंद्रीय टीम ने इसकी समीक्षा शुरू की। समीक्षा के लिए रविवार को 13 सदस्यीय केंद्रीय टीम कोलकाता पहुंची थी, जिसने सोमवार को समीक्षा शुरू की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, इस टीम में पीएम पोषण योजना के निदेशक वी भास्कर के अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी, एक पोषण विशेषज्ञ, यूनिसेफ का एक प्रतिनिधि शामिल हैं। टीम ने राज्य शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। यह टीम 6 फरवरी तक अपनी समीक्षा करेगी। इस दौरान वे उत्तर 24 परगना जिले के स्कूलों का दौरा भी करेगी। उल्लेखनीय है कि पिछले काफी समय से बंगाल में मिड-डे मील योजना के तहत परोसे जाने वाले भोजन में कई तरह की गड़बड़ियों की शिकायतें केंद्र को मिल रही थीं।
बैठक के बाद टीम ने कहा, हमने आज शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बैठक की। यह एक नियमित यात्रा है। हर साल इस तरह की समीक्षा की जाती है। जिनता संभव हो पाएगा, उतने जिलों का दौरा करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वे बच्चों और अभिभावकों से भी मिलेंगे। स्कूली छात्रों को पोषण प्रदान करने के लिए केंद्र ने हाल ही में राज्य को पीएम पोषण योजना के तहत फंड आवंटित किया है।
जिलों के दौरे में टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि आखिर लापरवाही किस स्तर पर हो रही है। उल्लेखनीय है कि बच्चों के भोजन में सांप और छिपकली मिलने की शिकायते लगातार मिल रही हैं।