दिल्ली मे ट्रैक्टर परेड हिंसा के बाद एनसीपी सुप्रीमों शरद पवार ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब कोफिर से अस्थिर करने का प्रयास न करे और न ही किसान आंदोलन को खालिस्तान से जोड़ने का प्रयास करे।
एनसीपी सुप्रीमों ने कहा कि दिल्ली में जो कुछ हुआ, उसका कोई भी समर्थननहीं करता। लेकिन इसके पीछे की वजह को नजरंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंनेकहा कि किसान पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे थे। केंद्र सरकार की जिम्मेदारी थी कि इसका सकारात्मक हल खोजना चाहिए था।
वार्ता का भी कुछ नतीजा नहीं निकला। केंद्र सरकार ने ठीक से अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई जिससे किसानों का सब्र जवाब दे गया और वे उग्र हो गए। पवार ने कहा कि केंद्र सरकार को जिद छोड़कर किसानों से बातचीत करनी चाहिए। किसानों पर बल का प्रयोग करने से कुछ हासिल नहीं होगा।
दिल्ली का वातावरण बिगाड़ने के लिए अहंकारी सरकार जिम्मेदार- राउत
शिवसेना प्रवक्ता व सांसद संजय राउत ने कहा है कि 26 जनवरी को देश के गौरव दिवस पर हुई हिंसा की निंदा करते हैं। लेकिन दिल्ली के वातावरण को बिगाड़ने के लिए अहंकारी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लाल किले पर जो कुछ हुआ वह राष्ट्रीय शर्म की बात है। जब दुनिया गणतंत्र दिवस पर हमारे सामर्थ्य को देख रही थी। उसी दिन दोपहर के बाद दिल्ली का हिंसक दृश्य दिखाई दिया।
राउत ने कहा कि दो महीने से किसानों ने संयम दिखाया और शांति से आंदोलन किया लेकिन किसानों का संयम जवाब दे गया जिससे दिल्ली में अराजकता पैदा हुई। उन्होंने तंज कसा कि क्या केंद्र सरकार इसी घटनाक्रम का इंतजार कर रही थी।