केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को मुंबई स्थित हैफकिन इंस्टीट्यूट को भी स्वदेशी कोविड-19 टीके ‘कोवाक्सिन’ के उत्पादन की मंजूरी दी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यालय के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि भारत बायोटेक अभी तक अपने द्वारा विकसित इस टीके का उत्पादन खुद हैदराबाद में कर रही थी, लेकिन इसकी किल्लत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से हैफकिन इंस्टीट्यूट को भी उत्पादन की मंजूरी देने का आग्रह किया था।
अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय विज्ञान व तकनीक विभाग की सचिव रेणु स्वरुप ने राज्य के मुख्य सचिव सीताराम कुंते को मंजूरी पत्र भेज दिया है। पत्र में राज्य सरकार को एक साल तक टीके का उत्पादन करने की अनुमति दी गई है।