केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को भारत आने वाले मध्य एशियाई देशों के 100 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में मंगलवार को रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। मेहमान के तौर पर आए सभी युवा और युवतियों ने इस कार्यक्रम में पुराने बॉलीवुड गानों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतिनिधियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि हम स्पष्ट रूप से देख सकते हैं कि भारतीय सिनेमा का मध्य एशिया पर कितना बड़ा प्रभाव है। यह दिखाता है कि हम दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में हो सकते हैं लेकिन हमारे पास बहुत सी चीजें समान हैं। युवा देश के सबसे महत्वपूर्ण हितधारक हैं।
भारत मध्य एशिया के दिलों पर राज करता है: अनुराग ठाकुर
पुराने बॉलीवुड गानों पर नाचना और उन्हें वाद्य यंत्रों के साथ बजाना दिखाता है कि भारत मध्य एशिया के दिलों पर कैसे राज करता है। यह भारत और मध्य एशिया के बीच अच्छे संबंधों के भविष्य को दर्शाता है जो कला और संस्कृति के साथ-साथ व्यापार और अन्य क्षेत्रों में भी होगा। युवा मामलों का विभाग 17 से 23 नवंबर तक मध्य एशियाई देशों के 100 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी कर रहा है।
यहां देखें वीडियो
प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी बातचीत की
प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी बातचीत की। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह अपनी तरह का एक अंतरराष्ट्रीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम है, जिसमें चार मध्य एशियाई देशों के प्रतिनिधि एक साथ हैं, जो सद्भावना और स्वस्थ संबंधों को बढ़ावा देने में एक लंबा रास्ता तय करेगा। बता दें कि प्रथम भारत-मध्य एशिया शिखर सम्मेलन की मेजबानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 जनवरी को वर्चुअल प्रारूप में की। इस शिखर सम्मेलन में कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने भाग लिया।