किसानों की नाराजगी का ठीकरा भाजपा ने नौकरशाही के सिर पर फोड़ने की तैयारी कर ली है। भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में अपने दिल के उदगार प्रकट करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा है कि अधिकारियों के भरोसे सरकार के कामकाज को जमीन पर नहीं उतारा जा सकता है।
किसान मोर्चा के नेताओं से उन्होंने गुहार लगाई है कि वे कार्यकर्ताओं के जरिए कृषि मंत्रालय की उपलब्धियों को जमीन पर उतारने में भूमिका निभाएं। दरअसल मिशन 2019 और किसानों के बीच सरकार की बन रही नकारात्मक छवि को ध्यान में रखते हुए भाजपा मुख्यालय पर किसान नेताओं की एक अहम बैठक थी।
इस बैठक में पार्टी ने देशभर से 50 हजार से ज्यादा किसान कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देने का रोडमैप बनाया गया है। किसान नेताओं को विशेष प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें किसानों के बीच संपर्क के कार्य में निचले स्तर पर जुटाया जाएगा।
पढ़ें: किसानों में सरकार के खिलाफ पनप रहे भ्रम से बीजेपी चिंतित
पार्टी मुख्यालय में हुई इस अहम बैठक में सरकार की ओर से राधा मोहन सिंह और कृषि राज्य मंत्री कृष्णा राज शामिल हुईं। वहीं पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव एवं मोर्चा प्रभारी मुरली धर राव और किसान मोर्चा अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह मस्त शामिल थे। इसके अलावा बिहार, झारखंड और हरियाणा के कृषि मंत्री भी बैठक में शामिल हुए।