सेंसर बोर्ड ने हार्दिक पटेल और उनके द्वारा चलाए गए पाटीदार आंदोलन के मुद्दे पर बनाई गई फिल्म को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। बोर्ड ने इस गुजराती फिल्म में असली नाम का उपयोग करने समेत कई बातों को देखते हुए इसे अपनी मंजूरी देने से इनकार किया है।
'पॉवर ऑफ पाटीदार' के निर्माताओं को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के निर्णय से अवगत करा दिया गया। सीबीएफसी की एक समिति ने मुंबई में शुक्रवार को यह फिल्म देखी थी।
पटेल ने कहा, 'मुंबई में शुक्रवार को सीबीएफसी की एक समिति को फिल्म दिखाई गई थी। फिल्म देखने के बाद, समिति ने सोमवार को निर्माता दीपक सोनी को कहा था कि फिल्म को बोर्ड की मंजूरी नहीं मिलेगी। उन्होने किसी दृश्य को हटाने का भी सुझाव नहीं दिया था।'
बोर्ड ने पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के सभी प्रमुख नेताओं के असली नामों गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के रोल और नरेंद्र मोदी के भाषण जै का उपयोग फिल्म में करने को लेकर आपत्ति जताई है। फिल्म के को प्रोड्यूसर जयप्रताप सिंह चौहान के मुताबिक उन्होंने बोर्ड की रिव्यू कमिटी के सामने अपील कर दी है जिसकी सुनवाई होनी बाकी है।