भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने गूगल पर आरोप लगाया कि यूजर्स के डिजिटल डाटा पर उसने किसी किले की तरह अपना एकाधिकार हासिल किया हुआ है। उसके तहत काम कर रहे विभिन्न मोबाइल एप्स इस किले के चारों ओर सुरक्षा खाई की तरह इस्तेमाल किए जा रहे हैं। किले और खाई की यह नीति न केवल डाटा पर उसका एकाधिकार बनाए रखती है, बल्कि वह इसके जरिए मोटी कमाई भी कर रहा है। सीसीआई ने राष्ट्रीय कंपनी विधि अपील अधिकरण (एनसीएलएटी) में सुनवाई के दौरान यह बात कही। सीसीआई ने गूगल पर 1,337.76 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है, जिसने उसे चुनौती दी हुई है।
26.5 करोड़ डॉलर के टैक्स से बचने की अमेजन की कोशिश
बकाया टैक्स के रूप में अमेजन को 26.5 करोड़ डॉलर चुकाने के यूरोपीय संघ के प्रतिस्पर्धा आयोग के आदेश को दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी ने खारिज करने की मांग की है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को दावा किया यह आदेश ‘माहौल-जनित’ है, इसमें कोई दम नहीं है। अमेजन पर 2017 में यह बकाया टैक्स लगाया गया था।
आयोग ने अपने आदेश में कहा था कि यूरोपीय संघ में काम करते हुए अमेजन को तीन तिमाहियों में हुआ मुनाफा उसकी स्वामित्व की एक कंपनी को लक्समबर्ग कर-व्यवस्था के तहत हस्तांतरित करने देना गलत था। यह सरकार से गैर-कानूनी मदद मिलने जैसा है। आयोग की कठोरता के बाद लक्समबर्ग ने अपनी कर-व्यवस्था सुधार ली थी।