सभी स्कूलों से नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं ऑफलाइन कराने के लिए भी कहा गया है। इन परीक्षाओं के दौरान कोरोना के बचाव संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन करना जरूरी होगा...
सीबीएसई ने उसके तहत आने वाले सभी स्कूलों से एक अप्रैल से नियमित सत्र शुरू करने की सलाह दी है। बोर्ड ने स्कूल प्रबंधन से कहा है कि अप्रैल के सत्र में टीचर्स अपने छात्रों की हर शंका के समाधान और सवालों के जवाब देंगे, जो पिछली क्लास में छात्रों को समझ में नहीं आए। ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि नई क्लास में उन्हें कोई दिक्कत न आए।
इधर सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं में इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या को बढ़ा दिया है। जिससे छात्रों को अपने घरों के पास ही परीक्षा केंद्र मिल सके। बोर्ड परीक्षा शुरू होने के बाद ही समानांतर कॉपियां जांचने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। ताकि बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम 15 जुलाई तक आ जाएं। परीक्षा के मद्देनजर सीबीएसई एसओपी तैयार करने में लगा हुआ है, जिससे छात्र कोविड संक्रमण से बचते हुए परीक्षा दे सकें।
10वीं और 12वीं की परीक्षाएं चार मई से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाएं सात जून तक, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 11 जून तक चलेंगी। वहीं, परीक्षाओं के नतीजे 15 जुलाई 2021 तक जारी किए जाएंगे। इसके अलावा प्रैक्टिकल एग्जाम एक मार्च से 11 जून 2021 के बीच होंगे।