सीबीआई में पिछले कुछ समय पहले काफी विवादित रहे राकेश अस्थाना बनाम आलोक वर्मा मसले की तफ्तीश कर रहे अधिकारी सतीश डागर ने वीआरएस यानी अपनी मर्जी से सेवानिवृत्त होने के लिए आवेदन दिया है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक सतीश डागर ने व्यक्तिगत वजह से सीबीआई से वीआरएस लेने का फैसला किया है। हालांकि इस मामले की असली वजह सतीश डागर से पता नहीं चल पाई है। सतीश डागर सीबीआई मुख्यालय में एसपी पद पर कार्यरत हैं।
जब सीबीआई मुख्यालय में सीबीआई के पूर्व निदेशक आलोक कुमार वर्मा और स्पेशल निदेशक राकेश अस्थाना का विवाद हुआ था तब तत्कालीन निदेशक नागेश्वर राव द्वारा इस मामले में राकेश अस्थाना से जुड़े मामले की तफ्तीश का जिम्मा सतीश डागर को ही दिया गया था।
केंद्रीय एजेंसी ने पिछले साल 15 अक्टूबर को एक आरोपी को राहत देने के बदले घूस लेने के आरोप में अस्थाना के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि, अस्थाना ने इन आरोपों से इनकार किया है।
सूत्रों ने बताया कि माना जा रहा है कि डागर ने पिछले महीने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे अपने फैसले पर फिर से विचार करने को कहा लेकिन उन्होंने इससे अब तक इनकार किया है।
डागर ने इससे पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ दर्ज मामलों की भी जांच की थी।