सीबीआई ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर छापे मारे। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल की आसनसोल-रानीगंज बेल्ट में अवैध कोयला खनन और ढुलाई से जुड़े मामले में की गई।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की टीमों ने दोनों राज्यों में इस कोयला घोटाले के मास्टरमाइंड अनूप माजी उर्फ लाला से जुड़े लोगों के ठिकानों की तलाशी ली। सूखे कोयले की खरीद-फरोख्त से जुड़ी कंपनी का निदेशक माजी इस समय फरार है।
सीबीआई ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया हुआ है। सूत्रों का कहना है कि एजेंसी माजी के साथ करीबी संबंध रखने वाले उद्योगपतियों पर करीबी नजर बनाए हुए है।
सीबीआई ने इससे पहले पिछले साल 28 नवंबर को भी इस मामले में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में दर्जनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया था।
सीबीआई ने एक विश्वत सूत्र की सूचना के आधार पर ईस्टर्न कोलफील्डस लिमिटेड (ईसीएल) की लीज वाले स्थानों पर कोयले के अवैध खनन और चोरी पकड़ी थी। सूत्र ने इस पूरे खेल के तार ईसीएल, सीआईएसएफ और रेलवे के अधिकारियों की सहमति से जुड़े होने की जानकारी दी थी।
ममता के भतीजे के आवास पर भी मारा था छापा
सीबीआई टीम ने 23 फरवरी को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे व सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर भी छापा मारा था। टीम ने अभिषेक की पत्नी रूजिरा से इस मामले में पूछताछ की थी। एक दिन पहले सीबीआई ने इसी मामले में रूजिरा की बहन मेनका गंभीर से भी पूछताछ की थी। टीएमसी ने इस कार्रवाई को भाजपा की तरफ से राजनीति प्रेरित बताया था।