कोलकाता पुलिस, सीबीआई के उन अधिकारियों की 'जांच योजना' के बारे में सूचना चाह रही थी, जिन्हें शहर के एक पुलिस थाने में कुछ घंटे के लिए हिरासत में रखा गया था। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह बात बताई।
उन्होंने बताया कि कोलकाता पुलिस ने सीबीआई के उस अनुरोध की स्वीकृति से भी इनकार कर दिया, जिसमें उसने कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार के कोलकाता स्थित आवास पर अपनी जांच के लिए उसका सहयोग मांगा था।
सीबीआई अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि कोलकाता पुलिस अधिकारियों ने सीबीआई टीम पर इसको लेकर दबाव बनाना जारी रखा कि वह जांच योजना का खुलासा करे। सीबीआई की उस टीम को जबरन शेक्सपीयर सरनी पुलिस थाने ले जाया गया था।
अधिकारी ने कहा कि कोलकाता पुलिस की जानबूझकर, बलपूर्वक, डाली गई बाधा के चलते सीबीआई अपनी कार्रवाई पूरी नहीं कर सकी और उसे वापस लौटना पड़ा।
अधिकारी ने कहा कि सीबीआई ने तीन बार पत्र लिखकर कुमार से मौजूद रहने के लिए कहा था जो कि चिटफंड घोटाले की जांच करने वाली कोलकाता पुलिस की विशेष जांच टीम के सदस्य थे।
दो गवाहों के साथ कमिश्नर के घर पहुंची थी सीबीआई
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि उनसे कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर सीबीआई के 11 अधिकारियों की एक टीम दो स्वतंत्र गवाहों और सहायता कर्मियों के साथ रविवार शाम पौने छह बजे कुमार के आवास के बाहर पहुंची जहां का प्रवेशद्वार उन्हें बंद मिला।
अधिकारी ने बताया कि सीबीआई के कुछ अधिकारी शाम छह बजे शेक्सपीयर सरनी पुलिस थाने गए और स्थानीय पुलिस को अपने दौरे के बारे में सूचना देते हुए सहयोग मांगा और उसके लिए अभिस्वीकृति मांगी। अधिकारी ने बताया कि संबंधित अधिकारी ने उन्हें अभिस्वीकृति देने से इंकार कर दिया।