सीबीआई केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों, एनजीओ प्रतिनिधियों और बिचौलियों के खिलाफ एक बड़ा देशव्यापी अभियान चला रही है। यह कार्रवाई विदेशी चंदा प्राप्त करने में नियमों के कथित उल्लंघन के मामले में की जा रही है।
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि विदेशी योगदान विनियमन अधिनियम के कथित उल्लंघन को लेकर यह अभियान दिल्ली, चेन्नई, हैदराबाद, कोयंबटूर, मैसूर और राजस्थान के कुछ स्थानों में चल रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान पता चला है कि गृह मंत्रालय के कई सरकारी अधिकारियों, एनजीओ के प्रतिनिधियों और बिचौलियों ने एफसीआरए के उल्लंघन में विदेशी दान की सुविधा के लिए पैसे का आदान-प्रदान किया।
अभी तक, एजेंसी ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों और एनजीओ प्रतिनिधियों सहित लगभग छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान अभी तक दो करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ है।
सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान एजेंसी ने कुछ आरोपियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है, इनमें कुछ लोकसेवक भी शामिल हैं। वहीं, लगभग आधा दर्जन लोकसेवकों और अन्य से पूछताछ की जा रही है।