केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने अपने विशेष निदेशक राकेश अस्थाना के खिलाफ रिश्वत के आरोपों के संबंध में सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में एजेंसी ने डीएसपी देवेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीबीआई प्रमुख और उप प्रमुख को तलब किया है।
इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में सीबीआई का इस्तेमाल ‘राजनीतिक प्रतिशोध के हथियार’ के रूप में हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की प्रमुख जांच एजेंसी का पतन हो रहा है और वह ‘खुद से जंग लड़ रही है।’
राहुल ने ट्विटर पर एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला दिया। इसमें सीबीआई में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले अधिकारी राकेश अस्थाना को घूसखोरी के मामले में आरोपी बताया गया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का चहेता शख्स, गुजरात कैडर का अधिकारी, गोधरा एसआईटी का चर्चित चेहरा, केंद्रीय जांच एजेंसी में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाला अब घूस लेते हुए पकड़ा गया है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन में सीबीआई अब राजनीतिक बदला लेने का एक हथियार बन गई है। एक संस्थान पतन की ओर बढ़ रहा है, वह खुद से जंग लड़ रहा है।