सीबीआई ने दो अलग-अलग पोंजी घोटालों से जुड़े मामलों में कंपनियों के दो पूर्व प्रबंध निदेशकों (एमडी) को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि ये दोनों घोटाले 756 करोड़ रुपये हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सन प्लांट एग्रो लिमिटेड के तत्कालीन एमडी अवधेश सिंह को गैरकानूनी ढंग से 697 करोड़ जुटाने और न्यू लैंड एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के तत्कालीन एमडी दीपांकर डे को 139 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इन लोगों ने निवेशकों को उच्च रिटर्न का आश्वासन देकर यह रकम जुटाई थी। सीबीआई का आरोप है कि पश्चिम बंगाल में निवेशकों से रकम जुटाने के बाद ये दोनों फरार हो गए और पैसा का दुरुपयोग किया।
जांच एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट के 9 मई 2014 के आदेश पर सारदा और अन्य पोंजी घोटालों के मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। सन प्लांट एग्री ने निवेशकों को पेड़ बेचने के नाम पर लुभावने रिटर्न का लालच देकर पैसा जुटाया था। सेबी ने न्यू लैंड एग्रो की योजनाओं में भी अनियमितता पाई थी और पैसा लौटाने का निर्देश दिया था।