कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के खिलाफ आईएनएक्स मीडिया से जुड़े मामले में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर ली है। चिदंबरम पर वित्त मंत्री रहते हुए 2007 में आईएनएक्स मीडिया में 305 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश को फॉरेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) से छूट दिलाने के लिए नियमों को तोड़ने का आरोप है।
सीबीआई अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कानून मंत्रालय ने गृह मंत्रालय को पूर्व वित्त मंत्री के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने में कोई भी कानूनी बाधा नहीं होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद सरकार ने सीबीआई को चार्जशीट दाखिल करने की अनुमति दे दी है। इन अधिकारियों ने कहा कि ब्यूरो जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर देगा।
बता दें कि सीबीआई ने इस मामले में 15 मई, 2017 को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि उस समय चिदंबरम को इसमें आारोपी के तौर पर शामिल नहीं किया गया था। सीबीआई की एफआईआर में पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम, उसकी कंपनी चैस मैनेजमेंट सर्विसेज, पीटर मुखर्जी, इंद्राणी मुखर्जी, आईएनएक्स मीडिया, एडवांटेज स्ट्रेटेजिक कंसल्टिंग सर्विसेज व उसकी निदेशक पदमा विश्वनाथन को आरोपी बनाया गया था।
सरकार 2006 में हुई एयरसेल-मैक्सिस डील में भी चिदंबरम के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति पहले ही दे चुकी है। हालांकि चिदंबरम बार-बार इन मामलों में किसी तरह का गलत काम करने के आरोपों को नकार चुके हैं।