पशु तस्करी मामले में सीबीआई की टीम ने पश्चिम बंगाल में छापा मारा है। सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता और बोलपुर के चार ठिकानों पर सीबीआई के अधिकारी पहुंचे। जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने जिन ठिकानों पर छापेमारी की है, वे सभी टीमएसी नेता अनुब्रत मंडल के करीबियों से जुड़े हुए हैं।
टीएमसी पार्षद को हिरासत में लिया
छापेमारी के दौरान सीबीआई की टीम ने एक टीएमसी पार्षद बिस्वज्योति बंद्योपाध्याय को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया, पशु तस्करी घोटाले में गिरफ्तार अनुब्रत मंडल से पार्षद के घनिष्ठ संबंध थे और जांच के दौरान इनका भी नाम सामने आया था। अधिकारियों ने बताया, अनुब्रत मंडल के दो अन्य करीबियों के आवासों पर छापेमारी की गई है। अधिकारी ने बताया, हमारी जांच में तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में इनकी भूमिका क्या है।
अनुब्रत मंडल से हो सकती है पूछताछ
उधर, सीबीआई की टीम बंगाल की आसनसोल जेल में बंद टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल से पशु तस्करी मामले में पूछताछ कर सकती है। सीबीआई की चार सदस्यीय टीम सोमवार रात कोलकाता से आसनसोल पहुंची है। सीबीआई ने जांच में सहयोग नहीं करने पर बीरभूम जिले के टीएमसी अध्यक्ष मंडल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सीबीआई ने जिले में कई जगह छापे मारकर बड़ी संख्या में दस्तावेज जब्त किए थे।
2020 में दर्ज किया था केस
सीबीआई ने 2020 में पशु तस्करी के मामले में केस दर्ज किया था। इसमें अनुब्रत मंडल का नाम भी सामने आया था। सीबीआई के मुताबिक 2015 से 2017 के दौरान सीमा सुरक्षा बल को 20,000 से ज्यादा पशुओं के कटे सिर मिले थे। इस मामले में पिछले दिनों उन्हें सीबीआई ने तलब किया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे थे। इस मामले में केंद्रीय एजेंसी ने बीरभूम जिले में उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। वहां से भारी संख्या में नकदी बरामद हुए थे। मंडल को सीबीआई ने 10 समन भेजे थे।