राजस्थान में ट्रेन से लाखों रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 3 क्विंटल चांदी और 2 किलो सोना भी बरामद हुआ है। विधानसभा चुनाव से पहले एटीएस ने बड़े स्तर पर हवाला कारोबार का भांडाफोड़ किया है। यह छापेमारी दिल्ली से अहमदाबाद की ओर जाने वाली आश्रम एक्सप्रेस ट्रेन में हुई है। अब एटीएस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बरामद कैश 50 लाख रुपये है। मामले के बारे में डीआईजी प्रफ्फुल कुमार ने बताया कि किसी मुखबिर से सूचना मिलने के बाद उन्होंने ट्रेन की लगेज बोगी की तलाशी ली। वहां उन्हें 6 बड़े पैकेट मिल थे।
उन्होंने बताया कि जब उन पैकेट्स को खोलकर देखा गया तो भारी मात्रा में कैश, सोना और चांदी बरामद किया गया। जिसके बाद सारे सामान को जब्त कर लिया गया। अब एटीएस की टीम अजमेर में भी ट्रेन को रुकवाकर तलाशी ले सकती है।
जो कैश बरामद हुआ वह अहमदाबाद भेजा जा रहा था। इस कारण से टीम अहमदाबाद में भी नजर बनाए हुए है। अब इस बात की जांच की जा रही है कि पैकेट्स किस तक पहुंचाए जा रहे थे और कौन सा गिरोह इसमें शामिल है।