केरल पुलिस ने सोना तस्करी की मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश और प्राइसवाटर हाउस कूपर (पीडब्ल्यूसी ) व विजन टेक्नोलॉजी के खिलाफ सोमवार को धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। स्वप्ना पर आरोप है कि उसने राज्य के आईटी विभाग में नौकरी पाने के लिए कथित फर्जी डिग्री का इस्तेमाल किया था। वहीं परामर्श कंपनी पीडब्ल्यूसी व विजन टेक्नोलॉजी पर उसके द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों के सत्यापन करने की जिम्मेदारी थी।
एनआईए को मिला स्वप्ना व संदीप का 8 दिन का रिमांड
केरल सोना तस्करी मामले में मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश, संदीप नायर को कोच्चि की एक विशेष अदालत ने सोमवार को आठ दिनों के लिए एनआईए की हिरासत में भेज दिया है। एक दिन पहले ही एनआई ने एक अर्जी दाखिल कर पूछताछ के लिए उन्हें दस दिन की हिरासत में दिये जाने का अनुरोध किया था। वहीं आरोपियों के अधिवक्ता ने एनआईए हिरासत में भेजे जाने का विरोध किया। इससे पहले रविवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
इन दोनों को एनआईए ने बंगलूरू में शनिवार को हिरासत में लिया था। वहीं एर्नाकुलम के आर्थिक अपराध के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इस मामले में गिरफ्तार केटी रमीस को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रमीस को सीमा शुल्क के अधिकारियों ने रविवार को गिरफ्तार किया था। विभाग ने उसकी पांच दिन की हिरासत की मांग की है।