गुजरात के कच्छ जिले में पाकिस्तान से सटे नालिया एयरफोर्स स्टेशन की जासूसी करने वाले चार लोगों के खिलाफ सरकारी गोपनीयता कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि इन पर वायु सैनिक ठिकाने पर लगे रडार की तस्वीर खींचने के भी आरोप हैं। इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
वायुसेना के अधिकारियों ने 29 जनवरी को प्रतिबंधित क्षेत्र में रडार की तस्वीर खींचने पर उन्हें रोका, जिनमें 17 साल का एक किशोर भी शामिल है। बाद में सभी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से संवेदनशील रक्षा क्षेत्र की तस्वीरें, मोबाइल फोन और एक कैमरा बरामद किया गया है। इनके खिलाफ शनिवार को सरकारी गोपनीयता कानून की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि नाबालिग सहित चारों लोग नालिया और आसपास के रहने वाले हैं। नाबालिग के अलावा सभी आरोपियों के नाम हैं रफीक आजम, अरबाज इस्माइल उमरा और अब्बास पढ़ियार।