केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन
- फोटो : ANI
सीबीआई ने गरीबों को आवास मुहैया कराने के लिए केरल सरकार की लाइफ मिशन प्रोजेक्ट में विदेशी अंशदान (विनियमन) कानून के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोच्चि में शुक्रवार को दो परिसरों पर छापा भी मारा।
जांच एजेंसी ने यूनिटेक बिल्डर्स के संतोष ईपन के खिलाफ मामला दर्ज कर कोच्चि में उनके कार्यालय और आवास पर तलाशी ली। ईपन को लाइफ मिशन प्रोजेक्ट का ठेका मिला है। इसमें एफसीआरए के उल्लंघन और भ्रष्टाचार प्रदेश में बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है।
विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला ने आरोप लगाया है कि सोना तस्करी मामले में मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश ने एनआईए कोर्ट के सामने स्वीकार किया कि उसे प्रोजेक्ट से एक करोड़ रुपये का कमीशन मिला। विपक्ष ने आरोप लगाया कि रेड क्रिसेंट द्वारा ठेकेदार के चयन में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने इस मामले में 9 करोड़ रुपये बतौर कमीशन देने का आरोप लगाया। अंतरराष्ट्रीय संगठन रेड क्रिसेंट ने लाइफ मिशन प्रोजेक्ट के लिए 20 करोड़ रुपये का फंड मुहैया कराने पर सहमति जताई थी।