महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित सुप्रसिद्ध शनि शिंगणापुर के शनि मंदिर और मुंबई के हाजी अली दरगाह में महिलाओं को प्रवेश दिलाने वाली तृप्ति देसाई और उनके पति के खिलाफ एक शख्स से मारपीट और लूट का मामला दर्ज कराया है। पुणे की हिंजवाड़ी पुलिस ने तृप्ति के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया है।
पुणे की हिंजवड़ी पुलिस के मुताबिक 27 जून को सुबह 11 बजे विकास मकासरे नामक व्यक्ति अपनी कार से जा रहा था। इसी दौरान बालेवाड़ी में तृप्ति देसाई, प्रशांत देसाई सतीश देसाई, कांतीलाल गवारे और अन्य दो लोगों ने विकास को रोका और सभी ने डंडे और लोहे के राड से उसकी पिटाई की।
पुलिस को दी शिकायत में विकास ने कहा है कि प्रशांत देसाई ने उनके गले से सवा तोले की सोने की चेन खींची और जेब में रखे 27 हजार रुपये भी लूट लिए। उसके बाद तृप्ति देसाई ने धमकी दी कि अगर हमारे विरोध में कोई शिकायत दर्ज कराई तो तुम्हें झूठे मुकदमे में फंसाऊंगी। वहीं, तृप्ति देसाई ने सफाई दी है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। उनके खिलाफ झूठा आरोप लगाया गया है।
पुणे की तृप्ति देसाई भूमाता ब्रिगेड की संस्थापक अध्यक्ष हैं। वह प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे के साथ कई सामाजिक कार्यों में हिस्सा ले चुकी हैं। महाराष्ट्र के शिंगणापुर स्थित शनि मंदिर में महिलाओं को प्रवेश करने और पूजा के अधिकार के लिए आंदोलन किया था। इसके अलावा तृप्ति ने मुंबई के हाजी अली दरगाह, नासिक के त्रयंबकेश्वर, कपालेश्वर मंदिर और कोल्हापुर के महालक्ष्मी मंदिर में महिलाओं के प्रवेश देने की मांग को लेकर भी आंदोलन किया था।