पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में भाजपा प्रमुख अमित शाह की एक रैली के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। दरअसल तृणमूल कांग्रेस पार्टी के एक कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना हुई जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को ले जा रहे वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
भाजपा ने आरोप लगाया कि जिन बसों से भाजपा कार्यकर्ता रैली से लौट रहे थे, उस पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से हमला किया और आग लगा दी। वहीं तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के कांठी में स्थित एक स्थानीय कार्यालय पर हमला किया और तोड़फोड़ की।
उन्होंने बताया कि इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पलटवार किया और झड़प शुरू हो गई। राज्य में भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि हमारे समर्थक जब अमित शाह की रैली से लौट रहे थे तो उन पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। यह शर्मनाक है। हम इसकी आलोचना करते हैं। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा राज्य की शांति और स्थायित्व को भंग करने की कोशिश कर रही है।
गाड़ियों में लगाई आग
मिदनापुर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली के लिए खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी गई। इसे लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए हमला बोला है। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता इस तरह के हरकत से डरने वाले नहीं हैं, यह बहुत महंगा पड़ने वाला है।
वहीं, प्रदेश भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा की ताकत से डर गई है इसलिए इस तरह की हरकतें कर रही है। यह घटना पुलिस के सामने हुई और वह बस देखती रही।
उधर, केंद्रीय गृहमंत्री ने इसे लेकर सीएम ममता बनर्जी से टेलीफोन पर बातचीत भी की है। उन्होंने इस घटना को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की। उन्होंने सीएम से कहा कि घटना में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।