आपने अब तक शायद ही सुना होगा कि गुब्बारे फटने से आग लग सकती है या लोग जख्मी हो सकते हैं। लेकिन मुंबई में हुई विचित्र घटना से आप सावधान हो जाइये। बलून फटने से कार में आग लग सकती है और आप और आपका परिवार जख्मी भी हो सकता है।
हुआ यूं कि मुंबई का एक परिवार अपने बच्चे के जन्मदिन की पार्टी मनाकर होटल से घर लौट रहा था। परिवार ने होटल से निकाले गए कुछ गुब्बारे कार में पैर रखने के स्थान (बूटस्पेस) पर रख लिए थे। कुछ देर बाद चलती कार में ये गुब्बार धमाके के साथ फटने लगे। इनमें भरी गैस ने आग पकड़ ली और कार में आग लग गई। ताबड़तोड़ कार रोक कर परिवार उतरे तब तक तीन लोग झुलस गए।
हीलियम की जगह भरी थी हाइड्रोजन गैस
घटना की पड़ताल करने पर पता चला कि इन गुब्बारों में हीलियम की जगह हाइड्रोजन गैस भर दी थी। हीलियम गैस जहां ज्वलनशील नहीं होती है और गुब्बारों में भरने पर उनके फटने का खतरा नहीं होता, इसलिए इससे आग का सवाल नहीं है। वहीं, हाइड्रोजन गैस बहुत ज्वलनशील होती है। इससे धमाके के साथ आग लगने का भी खतरा होता है।
बर्थडे बॉय भी घायल हो गया
कार में धमाके के साथ लगी आग में चार साल का बर्थडे बॉय समेत परिवार के तीन लोग घायल हो गए। बच्चे की मां ने बताया कि धमाका तब हुआ, जब वे पार्टी मनाकर घर लौट रहे थे।
गुब्बारे बेचने वाले की लापरवाही
पीड़ित परिवार का कहना है कि गुब्बारे बेचने वाले ने उन्हें नहीं बताया था कि इनमें हीलियम की बजाए हाइड्रोजन गैस भरी है। यदि वह बता देता तो हम सावधानी बरतते और यह हादसा नहीं होता। उसकी लापरवाही से हमारी जान संकट में आ गई। पीड़ित परिवार गुब्बारे बेचने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा है।